Back to feed

रात का आसमान

रात का आसमान

आसमान और रात

आसमान का असीम विस्तार

समुद्र की तह में गुम हुआ टूटता हुआ तारा

आसमान के टूटे हुए तारे

समुद्र की अथाह गहराई में खो जाते हैं

कितना अजीब संबंध है

आसमान और समुद्र का!

आसमान के सितारे,

धरती के फूल,

समुद्र की गहराइयों में

चमकते हुए मूंगे और मोती—

सितारे, फूल और मोती,

इनका आपस में क्या संबंध है?

आसमान, धरती और समुद्र—

क्या आपस में मिलकर सरगोशियाँ करते हैं?

मगर इंसान की अनंत गतिविधियों का शोर

उनका एहसास कहाँ होने देता है।

मगर जरूर,

कहीं न कहीं,

कभी न कभी,

आसमान, धरती और समुद्र मिलते जरूर हैं,

और इसकी खबर फरिश्ते

एक-दूसरे को देते हैं—

मगर खामोशी से,

सरगोशी में।

और इंसान उनसे पूरी तरह अनजान,

अपने ज्ञान के बावजूद अनजान बना रहता है।

हाय रे—

ज्ञान की अज्ञानता,

दुनिया का अज्ञान,

और हमारी बेख़बरी!!!

— रुख़सार अहमद फ़ारूक़ी (गोंती वाला)

01 नवम्बर 2017

इंडिगो फ्लाइट में

बैंगलोर से लखनऊ जाते हुए ✈️

Baatcheet