
पेड़ों की शाखाओं पर
पत्ते उगते हैं।
पेड़ कैसे अस्तित्व में आते हैं?
पत्ते कैसे जन्म लेते हैं?
यह सृष्टि का एक रहस्य है!
तो पत्ते उगते हैं,
समय उन्हें बड़ा करता है,
उनका पालन-पोषण करता है,
उन्हें हरा-भरा बनाता है।
उनकी हरियाली बस कुछ ही दिनों की होती है,
फिर वे धीरे-धीरे पीले पड़ने लगते हैं,
और शाख से टूटकर अलग हो जाते हैं।
हवा उन्हें उड़ाती फिरती है,
वे मौसमों के कंधों पर सवार होकर
न जाने कैसे धरती का हिस्सा बन जाते हैं!
सर्दी, गर्मी, धूप, बारिश—
उन्हें धरती की गहराइयों में समा देती हैं।
वे पत्ते, धरती का हिस्सा बनकर
खुद धरती हो जाते हैं।
किसे परवाह है—
कौन सा पत्ता उगा,
कौन सा हरा रहा, कौन सा पीला हुआ,
किस पत्ते का अस्तित्व
मिट्टी में मिलकर धरती बन गया!
कुछ ऐसा ही
मनुष्य का जन्म, उसका बचपन,
उसकी किशोरावस्था, उसकी युवावस्था,
उसकी अधेड़ उम्र, और फिर उसकी मृत्यु—
उसके अस्तित्व का मिट्टी में मिल जाना,
मिट्टी बन जाना, धरती हो जाना!
मगर किसे परवाह है—
कौन किन चरणों से गुजरते हुए
धूल में बदलकर
धूल बन गया,
धरती बन गया !!!
_______रुखसार अहमद फारुकी
( गौती वाला ) .
01/11/2017
बंगलौर .