Back to feed

भाग 6 "टूटता परिवार और एक दर्दनाक मोड़"

भाग 6 "टूटता परिवार और एक दर्दनाक मोड़"

एक दिन पिता घर पर एक नई नवेली दुल्हन के साथ लौटे। दादी ने उनसे कुछ सवाल किए, और फिर वे दोनों उस महिला को लेकर कमरे में चले गए। मैं और माँ रसोई में बैठे थे। थोड़ी देर बाद, दादी, माँ के पास आईं और कुछ कहा। माँ की आँखें भर आईं। मैं, अपने चार साल के मासूम मन से, समझ नहीं पा रहा था कि यह सब क्या हो रहा है।

पिता से पूछा, “माँ क्यों रो रही है?”

तो उन्होंने कहा, “यह तुम्हारी नई माँ है।”

यह सुनते ही मैं भागकर अपनी माँ के पास गया, जो अकेले बैठकर रो रही थीं। उनके आँसू मेरे दिल में सवाल छोड़ गए। दादाजी शांत स्वभाव के व्यक्ति थे, लेकिन दादी के सामने उनकी कोई बात नहीं चलती थी। घर में कोई ऐसा नहीं था जो माँ का साथ दे सके। यह केवल एक महिला का नहीं, बल्कि परिवार के बिखरते ताने-बाने का भी दर्दनाक दृश्य था।

तीन विकल्प और साहस का चुनाव

भाग 6 "टूटता परिवार और एक दर्दनाक मोड़"

ऐसे समय में किसी भी महिला के पास केवल तीन विकल्प होते हैं। पहला, ससुराल में रहकर न्याय की उम्मीद करना। पर मेरे पिता की आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए यह विकल्प व्यर्थ था। दूसरा, ससुराल छोड़कर एक नई जिंदगी शुरू करना। लेकिन समाज के तानों और आर्थिक निर्भरता के कारण यह कदम आसान नहीं था। और तीसरा, आत्महत्या का रास्ता, जो शायद सबसे सरल लगता, लेकिन माँ ने इसे पूरी तरह से नकार दिया।

उन्होंने अपने बेटे के लिए संघर्ष का रास्ता चुना। यह रास्ता कठिन था, लेकिन उन्होंने इसे दृढ़ता और साहस के साथ अपनाया। मेरे नाना-नानी और मामा-मासियों ने हमारे लिए हर संभव सहायता की।

संघर्ष और शिक्षा की ओर कदम

माँ ने मुझे एक बेहतर भविष्य देने का संकल्प लिया। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का अभाव था, लेकिन माँ ने मुझे शहर के एक अच्छे निजी स्कूल में दाखिला दिलाया। उन्होंने हर मुश्किल को सहते हुए मेरी परवरिश पर ध्यान केंद्रित किया। पिता और दादा कभी-कभी मुझसे मिलने आते थे, लेकिन माँ के लिए उनके साथ किसी अन्य महिला का होना अस्वीकार्य था।

आज, जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूँ, तो महसूस करता हूँ कि मेरी माँ का संघर्ष और साहस ही वह नींव थे, जिन्होंने मुझे जीवन के हर मोड़ पर आत्मनिर्भर और मजबूत बनाया।

यह कहानी केवल एक परिवार की विडंबना नहीं है, बल्कि यह उस अनगिनत महिलाओं की कहानी है जो विषम परिस्थितियों में भी हार नहीं मानतीं। आत्महत्या एक क्षणिक कमजोरी का परिणाम हो सकती है, लेकिन संघर्ष जीवन की सच्ची जीत है। मेरी माँ ने यह साबित कर दिया कि अगर हम ठान लें, तो हर समस्या का समाधान मिल सकता है।

आज मैं जो कुछ भी हूँ, वह उनकी शिक्षा, संघर्ष और अटूट प्रेम का ही नतीजा है। यह कहानी केवल मेरे जीवन की नहीं, बल्कि उन सभी के लिए प्रेरणा है जो कठिनाइयों के सामने झुकने के बजाय उनका सामना करने का साहस रखते हैं।

संघर्ष और समर्पण की अनकही दास्तान

मेरा और मेरी माँ का जीवन एक-दूसरे पर पूरी तरह निर्भर था। जहाँ माँ का जीवन उद्देश्य मुझे एक बेहतर भविष्य देना था, वहीं मेरा जीवन उद्देश्य उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना और उन्हें खुश देखना। माँ ने अपनी हर खुशी, हर सपना मेरे लिए त्याग दिया। उन्होंने जिन संघर्षों का सामना किया, उनका हर पल मुझे खुद को काबिल बनाने के लिए प्रेरित करता रहा।

हमारा बचपन सीहोर शहर में 8×8 फीट के एक छोटे से किराये के कमरे में बीता। सीमित साधनों के बावजूद माँ की मेहनत और समर्पण ने हमें आगे बढ़ने की शक्ति दी। माँ ने एक निजी स्कूल में अध्यापिका की नौकरी शुरू की। उनका मासिक वेतन मात्र 300 रुपये था, जबकि हमारा कमरे का किराया ही 200 रुपये था। बाकी खर्चो के लिए हमें नानाजी की मदद लेनी पड़ती थी।

संघर्ष का आरंभ

जब मैं आठ साल का था, तो हमारी आर्थिक स्थिति की वास्तविकता मेरे सामने स्पष्ट होने लगी। छोटी-छोटी ज़रूरतों को पूरा करने के लिए भी मुझे कई बार यह सोचना पड़ता था कि माँ से कहूँ या नहीं। हर शनिवार हम गाँव जाते, जहाँ से राशन-पानी का सामान लाकर सोमवार को शहर लौटते। इस नियमित संघर्ष ने मुझे मेरे उत्तरदायित्व का एहसास बहुत जल्दी करा दिया।

नानाजी ने मुझे शहर में पढ़ने के लिए भेजा ताकि मुझे बेहतर शिक्षा मिल सके। मेरे मामा और मौसिया गाँव के सरकारी स्कूल में पढ़ते थे, लेकिन नानाजी का सपना था कि मैं कुछ बड़ा कर सकूँ। माँ के लिए यह फैसला बहुत कठिन था, लेकिन उन्होंने कभी अपनी तकलीफ मुझ पर जाहिर नहीं कि।

शिक्षा और नई जिम्मेदारियाँ

मेरी स्कूली शिक्षा पूरी हो चुकी थी। मेरे साथी बड़े शहरों में इंजीनियरिंग, आईटी आई, और सिविल सर्विस की तैयारी कर रहे थे। मेरी भी इच्छा सिविल सर्विस में जाने की थी, लेकिन आर्थिक हालात को देखते हुए मैंने सरकारी कालेज में दाखिला लिया। कालेज के साथ-साथ माँ की आर्थिक मदद करने के लिए मैंने मकान मालिक के बारदाने के कारखाने में मुनीम की नौकरी शुरू कर दी।

मुझे महीने के 800 रुपये मिलते थे। मेरा दिन सुबह 9 बजे कारखाना खोलने, मजदूरों की गतिविधियों का हिसाब रखने, और शाम को मालिक को रिपोर्ट देने में बीतता। इसके बाद मैं अपनी कॉलेज की पढ़ाई करता। यही मेरी दिनचर्या बन गई थी।

जीवन की कठोर सच्चाई

करियर को लेकर चिंताएं बढ़ रही थीं। जब अपने साथियों को बड़े शहरों में बेहतर अवसरों की तलाश करते देखता, तो खुद की स्थिति पर निराशा होती। कभी-कभी मुझे ईश्वर से शिकायत होती कि उन्होंने मुझे ऐसा जीवन क्यों दिया। लगता था कि सारी परेशानियाँ मेरे हिस्से में ही आई हैं। लेकिन समय ने मुझे सिखाया कि यह केवल जीवन की शुरुआत थी, और वास्तविक संघर्ष तो अभी बाकी थे।

एक माँ का त्याग और बेटे का उद्देश्य

माँ ने अपने जीवन का हर सुख मेरे भविष्य के लिए त्याग दिया। उनके इस संघर्ष और समर्पण ने मुझे हमेशा प्रेरित किया। मैंने सीखा कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, उनसे लड़ने का जज्बा ही हमें आगे बढ़ाता है।

आज जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूँ, तो मुझे एहसास होता है कि वह 8×8 फीट का कमरा केवल चार दीवारें नहीं थी, बल्कि वह एक पाठशाला थी जिसने मुझे संघर्ष, मेहनत और जीवन का असली अर्थ सिखाया। माँ की आँखों में मेरे लिए जो सपने थे, वही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा बने।

"संघर्ष की उस राह पर, जहाँ हर कदम दर्द भरा था… वहीं से शुरू हुई एक असली जीत की कहानी।..........”

Baatcheet