Back to feed

भाग 4 "मुलाक़ात की खिड़की: खामोश आँसुओं की आवाज़"

भाग 4 "मुलाक़ात की खिड़की: खामोश आँसुओं की आवाज़"

मुलाक़ात की घड़ी आ गई थी। मेरा हृदय मेरे घरवालों को देखने के लिए तरस रहा था। मैंने मन में संकल्प किया कि अपने आंसुओं को रोके रखना है।

मुलाक़ात की खिड़की पर ले जाया गया। लोहे की सलाखों के साथ कांच से बनी खिड़कियां थीं। जिसमें दोनों तरफ फोन रखे थे। मानसी, मेरी माँ, मौसी, मौसा जी, मामा सभी खिड़की के बाहर थे।

माँ को देखते ही मेरी आँखें आँसुओं से भर जाती है। सबसे पहले फोन उठाकर माँ से रोते हुए बात की।

मम्मी ठीक हो? माँ रो पड़ती है। मैंने कहा, मम्मी मेरी चिंता मत करना, कम से कम मैं ज़िंदा तो हूँ। 10 साल बाद तो आऊंगा।

मेरी आवाज़ लड़खड़ा रही थी । एक-एक शब्द बोलना मेरे लिए भारी था।

माँ ने कहा, बेटा चिंता मत कर, सब तेरे साथ है। तू बहुत जल्द बाहर आ जाएगा, बस तू अपना ख्याल रखना। तूने खाना खाया की नहीं? मैंने कहा, मुझे कुछ नहीं होगा, मैंने सुबह नाश्ता भी किया और खाना भी खाया है। बस तुम अपना ध्यान रखना। अगर तुम्हें कुछ हो गया तो वैसे ही मर जाऊंगा। मानसी का और अथर्व का ध्यान रखना।

तभी छोटे मामा फोन ले लेते हैं। मामा ने कहा, चिंता मत करना। मेरी वकील से बात हो गई है। मैं अभी यहाँ से अदालत जा रहा हूँ। जल्दी ही तुम बाहर आ जाओगे।

मैंने कहा, ठीक है, जो तुम्हें ठीक लगे वो करना। बस यदि मैं बाहर नहीं आ पाता हूँ तो मम्मी का और बच्चों का ध्यान रखना। मेरी चिंता बिल्कुल मत करना। मुझे कुछ नहीं होगा। “मैं अपनी वर्तमान स्थिति में अपने परिवार को देखना नहीं चाहता, लेकिन यह उनका अधिकार है।”।

मैं इन्हें इस हालात में नहीं देख पाऊंगा।

मुलाक़ात का समय आधे घंटे का था, पर मैं अपने घरवालों को असहाय स्थिति में देख नहीं पा रहा था। सभी ने आश्वासन दिया। और 10 मिनट पहले ही मैंने बात ख़त्म कर उन्हें जाने का बोल दिया।

लड़खड़ाते हुए अपने वार्ड में वापस आ गया।

मेरा हृदय भरा हुआ था। अपने परिवार की चिंताओं के बारे में सोच-सोच कर। कहीं ना कहीं अभी भी आत्महत्या का विचार मेरे मन में गहरा रहा था।

इस समय मेरे जीवन में प्राप्त ज्ञान का विलोप हो चुका है । न्याय प्रणाली से मेरा विश्वास टूट गया था । अब सिर्फ ईश्वर से न्याय की उम्मीद थी।

राजा हरिश्चंद्र की कथा: सत्य की लौ में जलता मन

वाचनालय में प्रवेश करते हुए, मैं अपने भीतर चल रहे नकारात्मक विचारों से बचने के लिए एक सकारात्मक पुस्तक की तलाश कर रहा था। तभी मेरी नजर राजा हरिश्चंद्र की कथा पर पड़ी। पहले भी मैंने इस कहानी को पढ़ा था, लेकिन उस वक्त यह महज एक मनोरंजन की पुस्तक थी। इस बार, विपरीत परिस्थितियों में इसे पढ़ने से मुझे इसमें छिपी गहरी शिक्षा का एहसास हुआ। कथा ने मुझे यह सिखाया कि जीवन में आने वाली कठिनाइयाँ केवल संयोग नहीं होतीं, बल्कि ईश्वर द्वारा रचित परीक्षा होती हैं, जो हमारे धैर्य और विवेक को परखने के लिए आती हैं।

राजा हरिश्चंद्र अपनी सत्यनिष्ठा और न्याय प्रियता पर गर्व करते हुए ऋषि विश्वामित्र से कहते हैं, “मेरी सत्यनिष्ठा के कारण मेरे राज्य में प्रजा सुखी है, और यहां तक कि मेरे राज्य में कभी किसी की अकाल मृत्यु नहीं होती।“ तब मेरे साथ इतना अन्याय क्यों हो रहा है। यह मुझे इस बात की ओर इशारा करता है कि जब किसी शासन में भ्रष्टाचार या अन्याय होता है, तो उसका सबसे बड़ा खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है। जब राजा अपने दुखों से व्यथित होकर आत्महत्या करने का विचार करते हैं, तब आकाशवाणी होती है, जो उन्हें चेतावनी देती है कि आत्महत्या सबसे बड़ा पाप है और ऐसा करने वाला व्यक्ति घोर नरक का वासी बनता है।

इस कथा ने मेरे विचारों को एक नई दिशा दी। यदि राजा हरिश्चंद्र भावनाओं में बहकर आत्महत्या कर लेते, तो समाज में आत्महत्या को सही ठहराने का आधार मिल जाता। लेकिन ईश्वर ने आकाशवाणी के माध्यम से सही संदेश देकर राजा को इस अपराध से बचाया और समाज को भी दिशा दिखाई। यह हमें सिखाता है कि हमारे शास्त्र और महापुरुषों की कहानियाँ केवल मनोरंजन के लिए नहीं हैं, बल्कि वे हमें विपरीत परिस्थितियों में सही निर्णय लेने में मार्गदर्शन प्रदान करती हैं। आदर्श समाज की स्थापना तभी संभव है, जब हम शास्त्रीय मूल्यों का पालन करें। वर्तमान में जो समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं, वे इन मूल्यों की उपेक्षा का ही परिणाम हैं।

राम का संवाद: नियति की मौन योजना

भाग 4 "मुलाक़ात की खिड़की: खामोश आँसुओं की आवाज़"

वाचनालय से निकलने के बाद, जब मैं बैरिक में पहुँचा, वहाँ रामायण धारावाहिक चल रहा था। संयोगवश, उस समय श्रीराम और लक्ष्मण का संवाद हो रहा था।

लक्ष्मण अपने भाई से कहते हैं कि उनके साथ अन्याय हुआ है और वे इसे सहन नहीं कर सकते। वे राम से अनुमति माँगते हैं कि वे अयोध्या पर हमला करें और भरत को लाकर उनके सामने खड़ा करें।

श्रीराम लक्ष्मण को समझाते हैं कि दुनिया में घटित होने वाली प्रत्येक घटना के पीछे नियति की एक योजना होती है, जिसे हम तुरंत नहीं समझ सकते, लेकिन समय के साथ इसका अर्थ स्पष्ट हो जाता है।

संघर्ष का संकल्प: अब रुकना नहीं है

यह संवाद मेरे भीतर चल रहे द्वंद्व को शांत कर गया। अब मैंने ठान लिया था कि मुझे जीना है। परिवार और अपने बच्चों के लिए। न्याय प्रणाली से मेरा विश्वास टूट गया था, लेकिन ईश्वर पर मेरी आस्था अभी भी कायम थी। मैंने खुद से वादा किया कि विपरीत परिस्थितियों में हार नहीं मानूंगा। इस जेल में रहकर भी, मैं अपने भीतर की ताकत को बनाए रखूंगा।

जेल की ऊँची दीवारों के भीतर कैद, मेरा संघर्ष जारी था। लेकिन अब, हर कठिनाई को सहने का एक ही मंत्र था—यह भी समय की बात है, बीत जाएगा।

यह कहानी केवल शब्दों का संग्रह नहीं है, बल्कि उन अनकही सच्चाइयों की आवाज़ है जिन्हें हम अक्सर देखकर भी अनदेखा कर देते हैं। यह कहानी हर उस व्यक्ति के लिए है जो समाज में रहता तो है, लेकिन समाज में घट रही घटनाओं को केवल एक दर्शक की तरह देखता है।

हम में से अधिकांश लोग यह मानकर चलते हैं कि “यह सब हमारे साथ नहीं हो सकता।” यही सोच, यही भरोसा—हमारी सबसे बड़ी गलतफहमी बन जाती है। क्योंकि सच्चाई यह है कि हम जाने-अनजाने किसी भी घटना के शिकार बन सकते हैं, चाहे हमारा उससे कोई सीधा संबंध हो या नहीं।

अक्सर हम अखबारों में पढ़ते हैं—किसी को 10 साल बाद, किसी को 20 साल बाद, तो किसी को पूरी ज़िंदगी बीत जाने के बाद “बाइज्जत बरी” कर दिया जाता है।

पर क्या सच में वह व्यक्ति बाइज्जत लौट पाता है? उसके खोए हुए साल, उसका टूटा हुआ जीवन, उसकी बिखरी हुई पहचान उसे वापस मिल सकती है?

यह प्रश्न सिर्फ उस व्यक्ति का नहीं है—यह पूरे समाज के अंतर्मन को झकझोरने वाला प्रश्न है।

हम अक्सर यह सोचकर आगे बढ़ जाते हैं कि “यह हमारा मुद्दा नहीं है”, क्योंकि हम पीड़ित नहीं हैं।

लेकिन क्या सच में हम इससे अछूते हैं?

हम उसी समाज का हिस्सा हैं जहाँ यह अन्याय जन्म लेता है।

कोई भी व्यक्ति जन्म से अपराधी नहीं होता। उसे अपराधी बनाती है—समाज की परिस्थितियाँ, सोच, और कभी-कभी हमारी चुप्पी।

क्योंकि हम उस समाज का हिस्सा हैं जहाँ सच से ज्यादा आवाज़ की ताकत होती है,और कभी-कभी…निर्दोष होना भी एक अपराध बन जाता है।

हम विकास को अक्सर आर्थिक और शैक्षणिक आँकड़ों में मापते हैं, लेकिन असलियत यह है कि किसी देश का वास्तविक चेहरा उसके अपराध के आँकड़ों में दिखता है।

शिक्षा सिर्फ डिग्रियों से नहीं, बल्कि समाज के व्यवहार से साबित होती है।

जब कोई एक व्यक्ति अपराधी बनता है, तो सज़ा केवल उसे नहीं मिलती—उसका पूरा परिवार उस दर्द को जीता है।

उनकी हर सांस, हर दिन, उस एक घटना का बोझ उठाती है।

हर माता-पिता अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य का सपना देखते हैं। लेकिन क्या केवल धन और ताकत ही सुरक्षा की गारंटी है?

अगर ऐसा होता, तो इतिहास में शक्तिशाली साम्राज्यों का पतन कभी नहीं होता।

सच्चाई यह है कि अहंकार और लालच का अंत हमेशा विनाश ही होता है।

इस पूरी व्यवस्था में दोष केवल किसी एक व्यक्ति, संस्था या कानून का नहीं है।

कानून तो हमारी सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।

असल दोष है—उस सोच का, जो स्वार्थ और लालच से भरी हुई है।

एक अच्छी सोच पूरे समाज को बेहतर बना सकती है,और एक स्वार्थी सोच पूरे समाज को अंदर से खोखला कर सकती है।

आज का समाज झूठे मामलों, टूटते रिश्तों और बढ़ती आत्महत्याओं के बोझ तले दबा हुआ है।

अनगिनत आवाज़ें हैं—जो सुनाई नहीं देतीं, लेकिन चीखती बहुत ज़ोर से हैं।

कई कहानियाँ हैं…जो कभी कही नहीं गईं। कई सच हैं…जो कभी सामने नहीं आए। यह कहानी उन्हीं सचों को उजागर करेगी…

मेरी यह कहानी उन्हीं अनसुनी आवाज़ों को शब्द देने का एक प्रयास है…

शायद यह आपको असहज करे,शायद यह आपके विश्वास को तोड़ दे…लेकिन एक बात तय है—इसे पढ़ने के बाद आप पहले जैसे नहीं रहेंगे।

“जिसे मैं सामान्य दिन समझ रहा था, वही मेरी ज़िंदगी का सबसे बड़ा मोड़ बनने वाला था…”

“आगे की कहानी में छुपे हैं अनकहे जज़्बात…"

अगर आप वास्तविकता को समझने के उत्सुक है । कृपया like , comments , और फ़ॉलो जरूर करे ।

यदि सच्चाई जानने वाला लोकतंत्र उपस्थित है तो सच्चाई का अनुभव देने वाले भी है । आपका उत्सुकता ही अगला प्रकाशन संभव बनाएगी ।

Baatcheet