
रात गहरी हो चली थी। चारों ओर अजनबी साँसों की आवाज़ें और कुछ कैदियों की हल्की-फुल्की बातचीत थी। लेकिन मेरे कानों में केवल अपने ही विचारों की गूँज थी। आत्महत्या—यही एकमात्र विकल्प बचा था, यही सोचकर आया था यहाँ तक।
लेकिन तभी दिल ने सवाल किया, “अगर मैंने अपने जीवन का अंत कर लिया, तो माँ का क्या होगा? मेरे बच्चों का क्या होगा?”
मानसी का मासूम चेहरा मेरी आँखों के सामने तैरने लगा। उसकी प्यारी मुस्कान और अथर्व की छोटी-छोटी हथेलियाँ जो मुझसे लिपटकर सुरक्षा मांगती थीं—वे कैसे सहेंगे यह दर्द? और माँ… माँ ने तो सारी ज़िंदगी मुझे संवारने में लगा दी थी। अगर मैं चला गया, तो उनकी उम्मीदें भी मिट्टी में मिल जाएँगी। आत्महत्या करके शायद मैं अपनी पीड़ा से मुक्त हो जाऊँगा, लेकिन उनके हिस्से का दुख कौन सँभालेगा?
उसी क्षण, मनोज मुन्तशिर की पंक्तियाँ मन में गूँज उठीं
—“बहुत मसरूफ थे तुम घर, दफ्तर, कारोबार में,और सबसे फुर्सत मिली तो दोस्त यार में…जिंदगी पहियों पर भाग रही थी,ठहरकर ये सोचना मुश्किल था,कि माँ रोज़ तुम्हारे इंतज़ार में जाग रही थी।“
ये शब्द मेरे भीतर बिजली की तरह कौंधे। मुझे लगा जैसे माँ मुझे पुकार रही है, जैसे मेरे बच्चे मुझे पकड़कर रोक रहे हैं। “नहीं! मुझे जीना होगा, मुझे अपने परिवार के लिए लड़ना होगा।“रात के अंधेरे में, कैदियों की बेचैन करवटों के बीच,
खुद से एक वादा किया— “यह अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत होगी।“
मैंने तकिए की जगह कंबल को मोड़कर सिर रखा और पहली बार आँखें बंद कीं।
आज भी जेल की कोलाहल भरी उस रात में एक नई रोशनी जागी -उम्मीद की रोशनी।
जेल की पहली सुबह: उजाले में डूबा अंधेरा
रात किसी तरह बीत गई। सोते-जागते, विचारों में उलझते। और फिर, अचानक जेल के लाउडस्पीकर से गूँजती कड़कती आवाज़—
“बंदी नगरी, अपने-अपने बिस्तर से उठ जाएँ!”

झटके से मेरी आँखें खुलीं। चारों ओर देखा, तो सभी बंदी अपने बिस्तर से उठकर जेल की खाकी ड्रेस पहन रहे थे।
मैं हड़बड़ाया, समझ नहीं पा रहा था कि आगे क्या करना है। तभी एक बंदी ने इशारे से बाहर आने को कहा। मैं उसके पीछे-पीछे चल पड़ा।
खुले मैदान में सभी बंदी कतार में खड़े थे। मैं भी चुपचाप एक कतार में लग गया। लाउडस्पीकर पर प्रार्थना शुरू हुई—पहले राष्ट्रगीत, फिर “ए मालिक तेरे बंदे हम”, और अंत में मध्य प्रदेश गान।
आसमान में उगते सूरज की हल्की किरणें जेल की ऊँची दीवारों से टकरा रही थीं, लेकिन मेरे जीवन का अंधकार और भी गहरा होता जा रहा था। यह सूर्योदय मेरे लिए एक नया उजाला नहीं, बल्कि एक नई पीड़ा लेकर आया था।
पहचान और परछाई: अस्तित्व की जंग
मुझे बंदी वार्ड के चक्कर साहब के पास मुआयने के लिए ले जाया गया। वहाँ मेरे हाथों में पकड़ा दिया गया— खाकी कपड़ों की एक जोड़ी, एक प्लास्टिक का मग, एक थाली और एक बाल्टी। यही था अब मेरा नया सामान, मेरी नई पहचान।
बैरिक में लौटते ही फिर वही चिंताओं का सागर। परिवार का क्या होगा? माँ, मानसी, अथर्व… क्या वे कभी मुझे दोबारा वैसे देख पाएँगे जैसे पहले? एक घंटे तक विचारों में खोया रहा, फिर अचानक एक दृढ़ निश्चय किया—“मुझे जीना होगा। सिर्फ अपने लिए नहीं, अपने परिवार के लिए।“
इसी बीच नाश्ते की आवाज़ गूँजी। मैं अपने प्लास्टिक के मग को पकड़कर कतार में लग गया। आज नाश्ते में दलिया था। दलिया निगलना मुश्किल था, लेकिन मैंने ठान लिया था कि शरीर और मन को मज़बूत रखना है।
नाश्ते के बाद मैं बाहर मैदान में निकल आया। वहाँ की हलचल कुछ अलग थी। बंदी मुझे घूर रहे थे, जैसे मैं कोई अजूबा हूँ। वे मेरे बारे में सब कुछ जानना चाहते थे, लेकिन मेरी मनःस्थिति को भाँपकर शायद कोई कुछ पूछने की हिम्मत नहीं कर रहा था।
“किस केस में आए हो?”तभी एक बंदी मेरे पास आया। उसकी उम्र करीब 35 साल रही होगी। उसने हल्की मुस्कान के साथ कहा, “सब ठीक हो जाएगा।”
फिर उसने पूछा, “किस केस में आए हो?
”मैंने धीरे से कहा, “304 बी।“
“कितनी सजा है?”“10 साल।“
“तुम्हारी पत्नी ने आत्महत्या की?”मेरी आँखें भर आईं। “नहीं, मेरे साले की पत्नी ने।“बंदी चौंक गया।
“तो फिर तुम यहाँ कैसे?”“मुझे नहीं पता,”
मैंने रुंधे गले से जवाब दिया।
इस बीच और भी बंदी मेरे आसपास इकट्ठा हो गए थे। उनकी आँखों में सवाल थे, मगर उनके होंठ सिले हुए थे। जब मैंने अपनी कहानी सुनाई, तो वे अचंभित रह गए। कुछ ने सहानुभूति जताई, कुछ ने कहा कि मैं जल्द ही बाहर आ जाऊँगा। लेकिन मैं? मुझे खुद पर भरोसा नहीं रहा था।
न्याय या अन्याय?: कानून के साए में अपमान
अब मैं सिर्फ एक कैदी नहीं था, मैं उस सिस्टम का हिस्सा बन चुका था, जहाँ न्याय और अन्याय के बीच की रेखा धुंधली थी। मेरी स्थिति सिर्फ मेरी नहीं थी—यह एक सामाजिक समस्या थी। एक ऐसा अन्याय, जो कई निर्दोषों को झेलना पड़ता है। मैंने सोचा— “न्यायिक प्रणाली सभ्य समाज की नींव होती है, लेकिन जब इसका इस्तेमाल निर्दोषों को सज़ा देने के लिए किया जाए, तो यह समाज की नींव को हिला देता है।“
यह विचार दिल में हलचल मचा रहे थे, जब अचानक हमें मुआयने के लिए बुलाया गया।
अष्टकोण का दंड और जेल की अघोषित सत्ता
हम सभी को अष्टकोण पर इकट्ठा किया गया। महेंद्र हवालाती वार्ड में था, लेकिन मुआयने के दौरान उसे भी बुलाया गया। हम दोनों साथ थे। एक कतार में नए बंदी खड़े थे। तभी एक कड़क आवाज़ आई—“चलो, आगे बढ़ो!” सी.ओ. (पुराना बंदी) सभी को चलने को कह रहा था।
जेल की दुनिया सिर्फ दीवारों से नहीं बनी थी, यह एक अलग ही व्यवस्था थी—जहाँ कुछ बंदी राजा थे और बाकी प्रजा।
यहाँ एक अनकहा नियम था—“नए बंदी पुराने बंदियों का सम्मान करें, वरना उन्हें सबक सिखाया जाएगा।“
इसका मतलब? शारीरिक दंड।“नियम तोड़ोगे, तो पिटाई होगी।
अधिकारी खुद हाथ नहीं उठाएँगे, लेकिन उनके इशारे पर पुराने बंदी तुम्हें ‘सीख’ देंगे।“लेकिन यह सब कहाँ जायज़ था?
भारतीय कानून के अनुसार, IPC की धारा 323 के तहत किसी को चोट पहुँचाना अपराध है। संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन और स्वतंत्रता का अधिकार दिया गया है।
लेकिन यहाँ? यहाँ कानून की कोई आवाज़ नहीं थी।
मैं जानता था, यह लड़ाई सिर्फ मेरे बचने की नहीं थी। यह लड़ाई थी न्याय की असली परिभाषा को बचाने की।मुझे जेल की ऊँची दीवारों के अंदर रहकर भी अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़नी थी।क्योंकि यह अंत नहीं था… यह मेरी नई शुरुआत थी।जेल के भीतर की सच्चाई: क्या यह सुधार का रास्ता है?
जेल को एक सुधार गृह माना जाता है, लेकिन अंदर के हालात अक्सर सुधार की बजाय प्रतिशोध और शोषण का रूप ले लेते हैं। बंदियों के बीच यह “शारीरिक दंड” व्यवस्था सुधार की प्रक्रिया को नष्ट करती है और उनके अंदर और अधिक आक्रोश पैदा करती है। यदि बंदियों को सही मार्गदर्शन और उचित वातावरण दिया जाए, तो यह उनके जीवन को बदलने में मददगार हो सकता है। लेकिन इसके लिए जेल की चारदीवारी के भीतर के इस अघोषित “शासन” को खत्म करना होगा।
जेल के भीतर का यह अनुभव यह सवाल उठाता है कि क्या हमारा सुधारात्मक तंत्र वास्तव में सुधार पर केंद्रित है, या यह केवल सत्ता के दुरुपयोग और क्रूरता का अड्डा बनकर रह गया है? यह समय है कि हम इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करें और इसे मानवाधिकारों के दायरे में लाएं।
न्याय का अर्थ केवल अपराधियों को सजा देना नहीं है, बल्कि उन्हें सुधारने और समाज में पुनः स्थापित करने का मौका देना भी है। यदि जेलों में यह बदलाव लाया जाए, तो यह न केवल बंदियों के जीवन को सुधारने में सहायक होगा, बल्कि समाज के प्रति न्याय प्रणाली की जवाबदेही भी सुनिश्चित करेगा।
अनुभव: मासूमियत से अपमान तक का सफर
जब मेरा नाम पुकारा गया, तो यह मेरे लिए जीवन का सबसे कठिन क्षण था। मैं, जो कभी अपने शिक्षकों का प्रिय छात्र रहा था, जिसने कभी अपने जीवन में किसी दंड का सामना नहीं किया था, आज इस अपमानजनक स्थिति में खड़ा था। दो पुराने बंदियों ने मुझे पकड़कर जेलर के सामने पेश किया। मेरी मासूमियत और पहले के जीवन की गरिमा उस पल किसी काम की नहीं थी।

जेलर साहब: तुम्हारी धारा क्या है?
मैं: ३०४ बी।
जेलर साहब: सजा कितनी है?
मैं: १० वर्ष ।
जेलर साहब: किसने सुसाइड किया था?
मैं: साले की घरवाली ने।
जेलर साहब: तुम यहीं रहते थे?
मैं: नहीं, सर।
जेलर साहब: तुम्हें सजा क्यों हुई?
मैं: पता नहीं, सर। लेकिन मैं उस घर का दामाद हूं। मेरे खिलाफ सजा सुनाने का आधार स्पष्ट नहीं है।
बंदी मुझे मारने के लिए हाथ उठाता है , तभी जेलर साहब हाथों का इशारा कर रोक देते है ।
जेलर साहब: क्या करते थे?
मैं: शिक्षक था, सर।
जेलर ने मुझे हिम्मत दी और कहा कि सही कानूनी कदम उठाने पर मेरी सजा की समीक्षा की जा सकती है।
जेलर साहब की बात सुनकर मेरे मन में न्याय की एक उम्मीद जागी, जो पहले मुझे निराशा से भर दिया गया था। महेन्द्र ने भी मुझे यही बात बोली थी, पर मुझे विश्वास नहीं हुआ था। लेकिन अब मुझे लग रहा था कि शायद मेरी सजा में कुछ गलती हो गई है।
“अब शुरू होने वाला था… जिंदगी का सबसे कठिन सफर।”