
पुलिस वाले आगे बढ़े, मेरी कलाई पर ठंडी, कठोर हथकड़ियाँ डाल दीं। वो झनझनाती आवाज़ मेरे पूरे अस्तित्व को हिला गई।
प्रिया फफककर रो पड़ी, “नहीं! मेरे पति निर्दोष हैं!”
अवनी ने आंसू पोंछते हुए कहा, “जीजा जी, अगर कुछ गलत हुआ तो मैं भी मर जाऊंगी।”
मैंने उसे शांत करते हुए कहा, “हमने कुछ गलत नहीं किया, अवनी। झूठ उन्होंने बोला है, पाप उन्होंने किया है। हमें डरने की जरूरत नहीं।”
पर सच तो यह था कि मैं डर चुका था।

मैंने जज से विनती की, “मैडम, मेरी बेटी विकलांग है, मेरी शादी को 14 साल हो गए, दहेज के लिए मैं अपनी पत्नी से माँगूँगा? या साले की पत्नी से?”
जज ने कोई जवाब नहीं दिया, सिर्फ हाथ से इशारा किया—“ले जाओ।“
मैंने कागज़ों पर हस्ताक्षर किए। लड़खड़ाते हाथों से, जैसे मेरी ज़िंदगी के पन्ने पलट दिए गए।
मानसी की पुकार: मासूमियत की सबसे भारी आवाज़

मानसी मुझे पकड़ने की कोशिश कर रही थी। उसकी छोटी-छोटी उंगलियाँ मेरी शर्ट को जकड़ रही थीं, जैसे वह मुझे अपने पास रोकना चाहती हो। “पापा… तलो…”
उसकी तोतली आवाज़ मुझे भीतर तक चीर गई।
मैंने उसकी आँखों में देखा—वह मुस्करा रही थी। मासूम। अनजान इस बात से कि उसकी दुनिया उजड़ गई थी। मुझे अपने छोटे मामा को कॉल करना था। मेरी माँ, मेरे बच्चे… अब वे अकेले थे।
हथकड़ियाँ खड़क रही थीं, मेरे कदम लड़खड़ा रहे थे, और कोर्ट रूम से बाहर निकलते समय मैंने आखिरी बार प्रिया को देखा।वह टूट चुकी थी।और मैं… मैं अपने भाग्य को कोस रहा था। “हे ईश्वर! मैंने क्या बिगाड़ा था?”
कोर्ट से जेल तक: उम्मीद का अंतिम सिक्का

“हैलो!” छोटे मामा ने फोन उठाते ही कहा।
मैंने भारी आवाज़ में उत्तर दिया, “सब कुछ खत्म हो गया…”
मामा की आवाज़ में घबराहट थी, “क्या हुआ?”
“सजा हो गई है…”
मामा के दिल की धड़कन जैसे तेज़ हो गई, “कितनी?”“दस साल की…”कुछ क्षण के लिए जैसे सन्नाटा छा गया।
मामा ने खुद को संभालते हुए पूछा, “किस-किस को?”
“सभी को…” मामा ने लंबी सांस ली और भरोसा देने की कोशिश की, “घबरा मत, मैं आ रहा हूँ…”
बस इतना सुनते ही मैंने फोन काट दिया। मेरी आँखें भर आईं। मानसी अभी भी मेरा हाथ थामे खड़ी थी, लेकिन मैं उसे देखकर मुस्कुरा नहीं पा रहा था। शायद इस दर्द का कोई चेहरा नहीं होता।
बड़े मामा का मौन आश्वासन
बाहर निकला, तो बड़े मामा की आँखें मुझ पर टिकी थीं। जैसे ही मेरी हालत देखी, वो समझ गए कि मेरी ज़िंदगी का सबसे कठिन क्षण आ चुका है। मैंने बिना कुछ बोले मानसी का हाथ उनके हाथ में दे दिया और सिर्फ इतना कहा, “सभी का ध्यान रखना।“ मेरी आवाज़ में अनकहा दर्द और भविष्य की अनिश्चितता थी।
बिछड़ने का वो क्षण
पुलिसवालों ने मेरी हथकड़ियाँ कस दीं। मेरे पीछे से मानसी की तोतली आवाज़ गूंजी, “पापा… ओ पापा…” मेरे पैरों में बेड़ियाँ नहीं थीं, फिर भी मैं आगे नहीं बढ़ सका। दिल जैसे ज़मीन पर जम गया हो।
मैंने उसे देखने की कोशिश नहीं की, क्योंकि अगर उसकी मासूम आँखों में दर्द देख लिया, तो शायद मैं खुद को रोक नहीं पाता।बड़े मामा मानसी को गले लगाए खड़े थे।
उनकी भीगी आँखें जैसे मुझसे कह रही थीं, “चिंता मत करो, हम तुम्हारे परिवार का ध्यान रखेंगे।“
लेकिन मैं जानता था, कोई भी मेरे परिवार को उस दर्द से नहीं बचा सकता जो उनके हिस्से आया था।
अदालत के तहखाने में कैद एक उम्मीद
पहली मंज़िल से हमें नीचे के एक बंद कमरे में ले जाया गया, जहाँ सज़ायाफ्ता कैदियों को कुछ समय के लिए रखा जाता है। मेरे साथ महेंद्र भी था। महिलाओं को पास के कमरे में रखा गया था, जिसे केवल एक जालीदार गेट से देखा जा सकता था।

थोड़ी देर बाद, मानसी की आवाज़ फिर आई, “पापा आओ, मम्मी आओ!” उसकी मासूम पुकार मेरे कानों से सीधे मेरे दिल तक उतर गई। मैं फौरन चैनल गेट की ओर बढ़ा। लेकिन तभी एहसास हुआ—मैं कितना असहाय हूँ। जीवन में कभी खुद को इतना कमजोर नहीं पाया था।
मैंने आँखें बंद कर लीं और मन ही मन बस यही प्रार्थना की—“काश, अभी इसी वक्त मेरे प्राण निकल जाएँ!”
घर की यादों में डूबी सज़ा की पहली रात
करीब एक घंटे बाद, हमें अदालत के तहखाने से बाहर निकाला गया। इस दौरान मेरे मन में घर की यादों का सैलाब उमड़ पड़ा। माँ की चिंता, प्रिया के आँसू, मानसी की पुकार—सबकुछ एक साथ मेरे अंदर बिखर रहा था।
जब हस्ताक्षर और फिंगरप्रिंट लेने की बारी आई, तो एक सरकारी कर्मचारी ने मुझसे मज़ाकिया लहज़े में पूछा,“सरकारी नौकरी में थे?”
मैंने सूखी आवाज़ में कहा, “हाँ।“
वो मुस्कुराकर बोला, “अब क्या होगा तुम्हारा?”
मैंने कोई जवाब नहीं दिया। मैं जानता था, यह लड़का आधी उम्र का होगा, उसे ज़िंदगी का असली मतलब अभी समझ में नहीं आया होगा। पर मुझे यह एहसास हो चुका था—जिस व्यवस्था को मैं न्याय का स्तंभ मानता था, वो मेरे दर्द को अपना मनोरंजन बना रही थी।
अंतिम यात्रा—एक कैदी के रूप में
शाम छह बजे हमें एक वाहन में डालकर जेल ले जाया जाने लगा। रास्ते में अस्पताल में मेरा मेडिकल चेकअप हुआ। डॉक्टर ने BP देखा—150/180।
उन्होंने कहा, “तनाव के कारण है, घबराने की जरूरत नहीं।“
पर उन्हें क्या पता, मैं किसी बीमारी से नहीं, बल्कि टूटे सपनों, अधूरे रिश्तों और एक निर्दोष कैदी होने के एहसास से मर रहा था।
गाड़ी आगे बढ़ रही थी।हर गली, हर मकान, हर पेड़ मुझे अपने बीते कल की याद दिला रहा था।
पीछे छूटता शहर, पीछे छूटता मेरा परिवार, और आगे बढ़ता एक अनजाना अंधेरा…क्या इस अंधेरे में कोई रोशनी बाकी है?
क्या “आखिरी उम्मीद” अब भी कहीं जिंदा है?
जेल के दरवाज़े: अंत नहीं, एक नई शुरुआत
जेल के भारी लोहे के दरवाजे के आगे खड़ा मैं, भीतर की अंधेरी दुनिया की कल्पना भी नहीं कर सकता था। बाहर की दुनिया से यह जगह कितनी अलग थी—कहीं शोर, कहीं सन्नाटा, और कहीं बेबसी। जब रास्ते में प्रिया ने कहा था, “सब ठीक होगा, ईश्वर हमारे साथ कुछ गलत नहीं होने देगा,” तब भी मन में डर की लहरें उठ रही थीं।
भीतर दाखिल होते ही पहला लाल गेट खुला, फिर दूसरा।
दो दरवाजों के बीच की उस छोटी-सी जगह में मुझे नीचे बैठने को कहा गया। यह कुछ पलों का इंतज़ार था, परंतु ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे पूरी जिंदगी यहीं ठहर गई हो। आगे बढ़ते ही जेल की कठोर दीवारों ने मुझे अपनी गिरफ्त में ले लिया। एक ठंडी, उदास हवा मेरे भीतर तक उतर गई। प्रिया, अवनी और सासु माँ को महिला वार्ड में ले जाया गया, और महेंद्र को भी अलग कर दिया गया। अब मैं अकेला था।बंदियों के बैरिक नंबर 8 में पहुँचा, जहाँ पहले से ही 37 कैदी मौजूद थे। एक अनजान दुनिया, अनजान चेहरे, और अनजान भविष्य। किसी ने चार कंबल और दो चादर मेरी ओर बढ़ा दीं और सोने का इशारा किया। लेकिन नींद कहाँ थी?
मेरे मन में केवल एक ही विचार घूम रहा था— “अब सब कुछ खत्म हो चुका है, न्याय की कोई उम्मीद नहीं बची है।“
“क्या सच में न्याय हुआ… या किस्मत ने फिर एक खेल खेला?”